‘द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो’ का पहला गाना रिलीज: ‘दुश्मन का दादा’ बनकर छाए जैकी श्रॉफ, दिखा अनोखा अंदाज

Follow Us

मुंबई। 90 के दशक की कॉमिक बुक्स की जादुई दुनिया अब बड़े पर्दे पर लौटने के लिए पूरी तरह तैयार है। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता जैकी श्रॉफ अपनी आगामी फिल्म ‘द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो’ के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने आ रहे हैं, जो 29 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। हाल ही में फिल्म का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज होने के बाद, अब मेकर्स ने इसका पहला मजेदार गाना ‘दुश्मन का दादा’ जारी कर दिया है, जो सोशल मीडिया पर आते ही छा गया है।

यह गाना अपने नाम की तरह ही बेहद अनोखा और जोश से भरपूर है। गाने का वीडियो दर्शकों को एक ऐसी काल्पनिक और पागलपन से भरी दुनिया में ले जाता है, जहां एलियंस, शरारत, अराजकता और भरपूर मनोरंजन का जबरदस्त संगम देखने को मिल रहा है। इस गाने को मशहूर सिंगर अमित त्रिवेदी ने अपनी अनोखी आवाज दी है, जबकि इसके मजेदार बोल आरुषी कुशाल ने लिखे हैं और संगीत अजय जयंती ने कंपोज किया है।

मनीष सैनी के निर्देशन में बनी ‘द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो’ मुख्य रूप से बच्चों और कॉमिक्स प्रेमियों को ध्यान में रखकर बनाई गई एक बेहतरीन कॉमेडी फिल्म है। फिल्म में सुपरहीरो के रूप में जैकी श्रॉफ का बिल्कुल नया और अतरंगी अंदाज देखने को मिल रहा है, जो बच्चों को बेहद पसंद आने वाला है। इस फिल्म में जैकी श्रॉफ के साथ प्रतीक बब्बर, भाग्यश्री और रघुवीर यादव जैसे दमदार कलाकार भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।