रिलीज से पहले ‘दृश्यम 3’ का बॉक्स ऑफिस पर तूफान: हर 24 घंटे में बिक रहे 30 हजार टिकट, तोड़ा ‘पैट्रियट’ का रिकॉर्ड

Follow Us

कोच्चि। साउथ सिनेमा के सुपरस्टार मोहनलाल की मच-अवेटीड सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म ‘दृश्यम 3’ रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। मोहनलाल के 66वें जन्मदिन के खास मौके पर यानी 21 मई को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही यह फिल्म फैंस के लिए किसी बड़े उत्सव जैसी बन गई है। एडवांस बुकिंग के मामले में फिल्म ने इतिहास रचते हुए ममूटी और मोहनलाल की ही स्पाई-थ्रिलर फिल्म ‘पैट्रियट’ के 3.33 लाख टिकटों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। बुकमाईशो पर 3.34 लाख से अधिक टिकटों की बिक्री के साथ ‘दृश्यम 3’ अब तक की दूसरी सबसे बड़ी मलयालम प्री-सेल फिल्म बन गई है, और अब यह सिर्फ ‘एल2: एम्पुरान’ (L2: Empuraan) के 13 लाख टिकटों के रिकॉर्ड से पीछे है।

आमतौर पर बॉक्स ऑफिस पर एक्शन फिल्मों का दबदबा रहता है, लेकिन मॉलीवुड के इतिहास में ‘दृश्यम 3’ पहली ऐसी प्योर सस्पेंस-ड्रामा फिल्म है जिसने रिलीज से पहले ऐसा तहलका मचाया है। रियल-टाइम डेटा के अनुसार, फिल्म के हर 24 घंटे में 30,000 से ज्यादा टिकट बिक रहे हैं। अकेले केरल में पहले दिन की एडवांस बुकिंग 5 करोड़ रुपये को पार कर चुकी है, जहां 2 लाख से अधिक टिकट बिक चुके हैं। कोच्चि और तिरुवनंतपुरम जैसे शहरों में सुबह 4 और 7 बजे के फैन शो अभी से हाउसफुल हैं। मेकर्स के मुताबिक फिल्म की वर्ल्डवाइड प्री-सेल्स 20 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है, जबकि सैकनिल्क की रिपोर्ट इसे 15 करोड़ से अधिक बता रही है। जीतू जोसेफ के निर्देशन में बनी जॉर्जकुट्टी और उसके परिवार की यह रोमांचक कहानी एक बार फिर दर्शकों को बांधने के लिए तैयार है।