दिल्ली। इंटरनेशनल क्रिकेट में 39 साल की उम्र में भी एक्टिव रहना, वो भी टी20 फॉर्मेट में, यह कम ही देखने को मिलता है, क्योंकि इस फॉर्मेट में युवा खिलाड़ियों को तरजीह मिलती है। लेकिन एक क्रिकेटर ऐसा है, जो 39 साल की उम्र में टी20 विश्व कप 2026 में धमाल मचाने उतरेगा। जी हाँ ये वहीं खिलाड़ी है, जिसने 2007 का टी20 विश्व कप खेला था और अब 2026 में भी उसे स्क्वाड में जगह मिली है। आपको बता दें की पूरे 12 साल बाद वह इस मेगा इवेंट में नजर आएगा। साल 2007 में खेले हुए पहले टी20 विश्व कप में जितने भी क्रिकेटर खेले थे, उनमें से सिर्फ यही इकलौता खिलाड़ी है, जो 2026 में भी खेलता दिखेगा। यह 5वां मौका है, जब वह अपने देश के लिए खिताब जीतने का सपना लेकर मैदान पर उतरने वाला है। जिस खिलाड़ी की यहां बात हो रही है, दरअसल वह कोई और नहीं बल्कि ब्रेंडन टेलर हैं, जो जिम्बाब्वे टीम का हिस्सा हैं और विकेटकीपिंग के साथ तूफानी बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं।
वहीं टी20 विश्व कप 2026 जैसे ही 39 साल का यह खिलाड़ी मैदान पर कदम रखेगा, तो नया रिकॉर्ड बन जाएगा। टेलर के नाम करीब दो दशक तक टी20 विश्व कप में खेलने का रिकॉर्ड दर्ज हो जाएगा। ऐसा न तो रोहित शर्मा कर पाए और न ही विराट कोहली। वहीं रोहित 2007 के टी20 विश्व कप का हिस्सा थे, लेकिन 2024 में भारत को चैंपियन बनाकर उन्होंने इस फॉर्मेट को अलविदा कह दिया था। बता दें की ब्रेंडन टेलर ने आखिरी टी20 विश्व कप 2014 में खेला था। फिर 2015 में रिटायरमेंट ले लिया। हालाँकि 2017 में दोबारा इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की। वहीं जनवरी 2022 में इस खिलाड़ी पर आईसीसी ने भ्रष्टाचार और डोपिंग नियमों के उल्लंघन के चलते बैन लगा दिया था, जो 2025 में खत्म हुआ। बैन झेलने के बाद उन्हें फिर से टीम में जगह मिली है।
