जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ में आम जनता की समस्याओं के तुरंत निपटारे के लिए राज्य सरकार द्वारा ‘सुशासन तिहार 2026’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान की जमीनी हकीकत जानने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अचानक एक कड़ा और बड़ा फैसला लेते हुए औचक निरीक्षण पर निकल पड़े। बिना किसी पूर्व सूचना के मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर जैसे ही जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम कोसला में उतरा, वैसे ही पूरे प्रशासनिक अमले और अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
जैसे ही ग्रामीणों को मुख्यमंत्री के अचानक आने की खबर मिली, पूरा गांव उन्हें देखने और स्वागत करने के लिए उमड़ पड़ा। ग्रामीणों ने सीएम साय का बेहद आत्मीय और पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। आपको बता दें कि प्रदेशभर में यह विशेष अभियान 10 जून 2026 तक चलाया जाएगा, जिसके तहत ग्रामीण और शहरी इलाकों में बड़े पैमाने पर जन समस्या निवारण शिविर लगाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री खुद जमीन पर उतरकर इन शिविरों की निगरानी कर रहे हैं ताकि जनता को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
