जिले में दर्दनाक हादसा: आम से लदा पिकअप पुलिया से गिरा, चालक की मौत से मचा हड़कंप

Follow Us

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर दिया। कुनकुरी थाना क्षेत्र में कच्चा आम से लदा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गया, जिसमें वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन ओडिशा से कच्चा आम लेकर अंबिकापुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान खारीझाड़िया स्थित श्रीनदी पुलिया पर अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधा नीचे जा गिरा। हादसा इतना भयानक था कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और चालक को बचाने का कोई मौका नहीं मिला।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और संकरी पुलिया को हादसे का कारण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पुलिया काफी संकरी और जर्जर हालत में है, जहां पहले भी कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद यहां सुरक्षा इंतजाम न के बराबर हैं, जिससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वाहन के मालिक व अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानी की अहमियत को उजागर करता है।