राष्ट्रीय मंच पर चमकी रायपुर की मिट्टी की कला: युवा कलाकार उत्तम साहू ने टेराकोटा को दिलाई नई पहचान

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर के युवा कलाकार उत्तम साहू ने राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। उनका चयन प्रतिष्ठित सांस्कृतिक पहल “वन स्टेट वन आर्टिस्ट” के लिए हुआ, जहां उन्होंने हिमाचल प्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक टेराकोटा कला का शानदार प्रदर्शन किया। इस उपलब्धि से रायपुर समेत पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है। 1 से 9 मई 2026 तक हिमाचल प्रदेश के नशाला में आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर के 38 युवा लोक और पारंपरिक कलाकारों ने हिस्सा लिया।

इस पहल का उद्देश्य भारत की लोक और पारंपरिक कला विरासत को संरक्षित करना तथा युवा कलाकारों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना था। उत्तम साहू ने छत्तीसगढ़ की मिट्टी से जुड़ी टेराकोटा कला को अपनी रचनात्मक शैली में प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने अलग-अलग राज्यों से आए कलाकारों के साथ मिलकर कई कलात्मक रचनाएं तैयार कीं और कला कार्यशालाओं व सांस्कृतिक संवाद में सक्रिय भागीदारी निभाई।

इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के एक अन्य युवा कलाकार सुरेंद्र सोनी ने पारंपरिक ढोकरा कला का प्रतिनिधित्व किया। कार्यक्रम के माध्यम से कलाकारों को देश की विभिन्न कला शैलियों को समझने और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का अवसर मिला। उत्तम साहू की यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला और सांस्कृतिक पहचान के लिए भी गर्व का विषय बन गई है। यह साबित करता है कि प्रदेश के युवा कलाकार अब राष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।