रायपुर। छत्तीसगढ़ में बुधवार को हुई हल्की बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में तापमान तेजी से बढ़ने और 16 मई से कई इलाकों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, प्रदेश के अधिकतम तापमान में अगले चार दिनों के दौरान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके असर से मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हीटवेव जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई गई है।
बीते 24 घंटों में दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जगदलपुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री दर्ज हुआ। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने यह भी बताया कि, तापमान बढ़ने के बावजूद प्रदेश के कुछ इलाकों में अगले पांच दिनों तक हल्की बारिश, अंधड़ और मेघगर्जन की स्थिति बनी रह सकती है। कई जगहों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका भी जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।
