आईपीएल 2026: KKR vs RCB: रायपुर की विशाल बाउंड्री पर होगी छक्कों की बारिश! पिच रिपोर्ट से लेकर हेड-टू-हेड रिकॉर्ड तक, जानें सब कुछ

Follow Us

रायपुर। आईपीएल 2026 का रोमांच आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपने चरम पर होगा। डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अपने दूसरे होम ग्राउंड शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से लोहा लेगी। रजत पाटीदार की कप्तानी वाली RCB इस समय पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है और आज की जीत उसे प्लेऑफ का टिकट लगभग दिला देगी। वहीं, श्रेयस अय्यर की गैरमौजूदगी में अजिंक्य रहाणे की कमान वाली KKR के लिए यह मैच ‘नॉकआउट’ जैसा है; एक भी हार उनकी उम्मीदों को खत्म कर सकती है।

शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम की विशाल बाउंड्री और पिच का मिजाज आज खिलाड़ियों की असली परीक्षा लेगा। पिच रिपोर्ट की मानें तो यहाँ शुरुआत में तेज गेंदबाजों को उछाल और स्विंग मिलेगी, लेकिन मैच आगे बढ़ने पर स्पिनर्स का जादू चल सकता है। शाम को ओस (Dew) की भूमिका को देखते हुए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगी। हेड-टू-हेड आंकड़ों में KKR का पलड़ा भारी है, जिसने 35 में से 20 मैच जीते हैं, लेकिन रायपुर में RCB का पिछला रिकॉर्ड (मुंबई के खिलाफ जीत) उन्हें मनोवैज्ञानिक बढ़त देता है।

मैच का सबसे बड़ा आकर्षण विराट कोहली होंगे, जिनसे रायपुर के फैंस को एक बड़ी पारी की उम्मीद है। दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 में RCB की तरफ से जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार धारदार गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि KKR की ओर से सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती की ‘मिस्ट्री स्पिन’ बेंगलुरु के बल्लेबाजों को रोकने की कोशिश करेगी। शाम 7:30 बजे शुरू होने वाला यह मुकाबला तय करेगा कि रायपुर की पिच पर ‘बैंगनी ब्रिगेड’ का जादू चलेगा या ‘रेड आर्मी’ अपनी बादशाहत कायम रखेगी।