मोतिहारी। जिला मोतिहारी पुलिस ने हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देसी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और एक ऑटो जब्त किया है। इस कार्रवाई को जिले में अवैध हथियारों के नेटवर्क पर बड़ी सफलता माना जा रहा है। सदर डीएसपी-2 जितेश पांडेय ने बताया कि, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक ऑटो से बरियारपुर इलाके की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही छतौनी थाना पुलिस ने इलाके में वाहन जांच अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान संदिग्ध ऑटो को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें सवार अब्बास खान के पास से एक देसी पिस्टल बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने ऑटो में मौजूद सभी युवकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर डीआईयू और एसटीएफ की टीम ने पकड़ीदयाल इलाके में छापेमारी कर दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से एक और पिस्टल तथा पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्बास खान, अबरार अंसारी, इम्तियाज खान, रंजीत कुमार और रोहित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस को शक है कि सभी आरोपी बड़े हथियार तस्करी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस इनके नेटवर्क, सप्लाई चैन और अन्य जिलों से संभावित कनेक्शन की जांच में जुटी हुई है।
