सूने घरों को बनाते थे निशाना: दुर्ग पुलिस ने 7 चोरों को दबोचा, लाखों का सामान बरामद

Follow Us

दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में सूने मकानों में चोरी की वारदातों का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और घरेलू सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक हाउसिंग बोर्ड निवासी सिम्मी अहिरवार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 अप्रैल की रात अज्ञात चोर उनके बंद मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और आलमारी में रखी नकदी व चांदी के सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए।

वहीं एक अन्य मामले में देव सिंह थापा ने बताया कि, परिवार सहित शादी समारोह में बाहर जाने के दौरान उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर, नगदी और घरेलू सामान चोरी कर लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीसीयू और जामुल पुलिस की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आदतन आरोपी अर्जुन सिंह उर्फ गोरखा को पकड़कर पूछताछ की, जिसके बाद पूरे गिरोह का खुलासा हुआ। आरोपियों के पास से सोने-चांदी के जेवर, एलईडी टीवी, मोबाइल फोन, चोरी में इस्तेमाल एक्टिवा और ताला तोड़ने के औजार बरामद किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।