दुर्ग। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक अरुण वोरा ने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं में फैल रही निराशा को लेकर सरकार पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का युवा अपने भविष्य को लेकर असमंजस और चिंता में जी रहा है, लेकिन सरकार इस गंभीर विषय पर संवेदनशील नजर नहीं आ रही है।
अरुण वोरा ने कहा कि प्रदेश में लाखों शिक्षित युवा रोजगार की उम्मीद लगाए बैठे हैं। लगातार भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और रोजगार के अवसर कम होने से युवाओं में हताशा बढ़ रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब योग्य युवाओं को अवसर नहीं मिलते, तो उनमें निराशा जन्म लेती है, जो समाज के लिए भी चिंता का विषय बन सकती है।
उन्होंने विशेष रूप से दुर्ग जिले का उल्लेख करते हुए कहा कि, यहां भी हजारों युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं। तकनीकी शिक्षा, स्नातक एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन रोजगार के अवसर उसी गति से उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। दुर्ग जिले के कई युवा रोजगार के लिए दूसरे राज्यों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं, जो स्थानीय व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि युवाओं से संवाद स्थापित किया जाए, रुकी हुई भर्तियों को जल्द पूरा किया जाए और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि यह समय राजनीति करने का नहीं, बल्कि प्रदेश की युवा शक्ति को संभालने और उनके भविष्य को सुरक्षित करने का है।
अरुण वोरा ने कहा, “प्रदेश के लाखों युवाओं की उम्मीदें सरकार से जुड़ी हैं। यदि समय रहते रोजगार और भविष्य को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिए गए, तो युवाओं का विश्वास कमजोर होगा। सरकार को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए युवाओं के हित में जल्द सकारात्मक कदम उठाने चाहिए।”
