रायपुर। प्रदेश के राजधानी रायपुर के शहीद वीरनारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित IPL मैच के दौरान दर्शकों से कथित ओवरचार्जिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने इस मामले में राज्य के वित्त मंत्री ओपी चौधरी को शिकायत पत्र भेजकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। संस्था के संयोजक डॉ कुलदीप सोलंकी का आरोप है कि, मैच के दौरान खान-पान की चीजों को कई गुना अधिक कीमत पर बेचा गया। भीषण गर्मी के बीच 20 रुपये की पानी की बोतल 100 रुपये में बेची गई, जबकि समोसा और कोल्ड ड्रिंक जैसी सामान्य चीजों के लिए भी दर्शकों से मनमाना पैसा वसूला गया।

शिकायत में कहा गया है कि सुरक्षा नियमों के कारण दर्शकों को बाहर से पानी या खाने-पीने का सामान ले जाने की अनुमति नहीं थी, जिसका फायदा वेंडरों ने उठाया। संस्था ने इसे “खेल के नाम पर खुली लूट” बताया है। सिविल सोसायटी ने नकद लेनदेन और बिना बिल बिक्री पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि अधिकतर भुगतान कैश में लिया गया और ग्राहकों को रसीद नहीं दी गई, जिससे GST चोरी की आशंका जताई गई है। संस्था ने राज्य सरकार से पूरे मामले की जांच कराने, दोषियों पर कार्रवाई करने और भविष्य के मैचों में दर्शकों के लिए उचित दरों पर सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की है।
