दुर्ग। छत्तीसगढ़ के भिलाई में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां छोटे भाई ने गुस्से में अपने ही बड़े भाई की हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। दरअसल, यह घटना रुआबांधा एचएससीएल कॉलोनी की है। बताया जा रहा है कि, 10 मई को किसी घरेलू बात को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया।
इसी दौरान आरोपी मनोज यादव ने घर में रखे रापा से बड़े भाई अशोक यादव के सिर और कनपटी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल अशोक यादव को पहले जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस स्टेशन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
