जलसंकट के बीच बड़ी लापरवाही: टंकी से घंटों बहता रहा हजारों लीटर पानी, लोगों में भारी नाराजगी

Follow Us

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला में जल संकट के बीच नगरपालिका की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जहां एक तरफ लोग भीषण गर्मी में पानी की कमी से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर हजारों लीटर शुद्ध पेयजल बेवजह बहता रहा। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। दरअसल, यह मामला गौरेला नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-03 का है। बताया जा रहा है कि, देर रात मुख्य पानी टंकी ओवरफ्लो हो गई। टंकी से तेज धार में पानी बहता रहा और देखते ही देखते सड़कों से होकर नालियों में पहुंच गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक पानी कई घंटों तक इसी तरह बर्बाद होता रहा, लेकिन जिम्मेदार कर्मचारियों ने समय पर पंप बंद नहीं किया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि, टंकी से गिरता पानी किसी झरने जैसा नजर आ रहा था। लोगों ने आरोप लगाया कि, यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी कई बार इसी तरह लाखों लीटर पानी बर्बाद हो चुका है। बावजूद इसके नगरपालिका प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि, इसी टंकी से शहर के बड़े हिस्से में जलापूर्ति होती है, लेकिन लापरवाही के कारण लोगों को पानी की समस्या झेलनी पड़ रही है। नागरिकों ने जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई और पानी की बर्बादी रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था की मांग की है।