अवैध बोरिंग पर ‘कलेक्टर’ का कड़ा प्रहार: अब सीधे जब्त होगी गाड़ी, भ्रष्टाचार की खुली पोल

Follow Us

सक्ती। जिले में भीषण गर्मी और गिरते जलस्तर के बीच प्रशासन ने अवैध बोर उत्खनन पर नकेल कसना शुरू कर दिया है। 1 अप्रैल से 15 जुलाई तक लगे कड़े प्रतिबंध के बावजूद जिले में धड़ल्ले से नई बोरिंग की जा रही थी। खबर है कि इस ‘खेल’ में न केवल नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, बल्कि वाहन मालिक अधिकारियों और नेताओं के नाम पर प्रति बोर 10 से 20 हजार रुपये तक की अतिरिक्त वसूली भी कर रहे हैं। चर्चा है कि रोजाना जिले में 10 से 12 अवैध बोर खोदे जा रहे हैं, जिससे वाहन मालिक लाखों की काली कमाई कर रहे हैं।

इस मामले में सक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए सभी अधिकारियों को ‘इमरजेंसी मोड’ पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।कलेक्टर ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि, अब केवल जुर्माना नहीं लगेगा, बल्कि अवैध खुदाई करते पकड़े जाने पर सीधे गाड़ी जब्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस सख्ती से उन लोगों में हड़कंप मच गया है जो प्रतिबंध का फायदा उठाकर मोटी कमाई कर रहे थे। अब देखना होगा कि कलेक्टर के इस कड़े रुख के बाद जिले के जलस्तर को बचाने की यह मुहिम कितनी सफल होती है।