मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पटानी अब अंतरराष्ट्रीय सिनेमा में कदम रखने जा रही हैं। वह हॉलीवुड फिल्म “द पोर्टल ऑफ फोर्स” में नजर आएंगी, जिसमें वह जेसिका नाम का अहम किरदार निभाएंगी। यह फिल्म “स्टेटिगार्ड्स वर्सेस होलीगार्ड्स सागा” का पहला हिस्सा है और इसे एक बड़े सुपरनैचुरल एक्शन-थ्रिलर फ्रेंचाइज़ी के रूप में तैयार किया जा रहा है। फिल्म की कहानी दो प्राचीन और शक्तिशाली गुटों-स्टेटिगार्ड्स और होलीगार्ड्स-के बीच चल रही गुप्त जंग पर आधारित है, जिसमें रहस्यमयी शक्तियों, संघर्ष और फैंटेसी से भरपूर घटनाएं दिखाई जाएंगी। हाई-ऑक्टेन एक्शन और विजुअल इफेक्ट्स से सजी यह फिल्म एक ग्लोबल सिनेमैटिक अनुभव देने का दावा करती है।

इस प्रोजेक्ट का निर्देशन केविन स्पेसी कर रहे हैं, जो लगभग दो दशक बाद निर्देशन की दुनिया में वापसी कर रहे हैं। उनकी वापसी को फिल्म इंडस्ट्री में खास चर्चा मिल रही है। फिल्म में हॉलीवुड के कई बड़े सितारे भी शामिल हैं, जिनमें टायरेस गिब्सन और डॉल्फ लुंडग्रेन जैसे नाम प्रमुख हैं। दिशा पटानी ने इस मौके को अपने करियर का बड़ा मोड़ बताया है। उन्होंने कहा कि, यह प्रोजेक्ट उन्हें एक नए स्तर पर अपने अभिनय कौशल को दिखाने का अवसर दे रहा है। इससे पहले वह बॉलीवुड में एक्शन और ग्लैमरस रोल्स के लिए जानी जाती रही हैं, लेकिन यह फिल्म उनके ग्लोबल करियर को नई पहचान दे सकती है।
