पश्चिम बंगाल। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में हुए एक बड़े राजनीतिक आयोजन में पश्चिम बंगाल में हुए कथित राजनीतिक हिंसा के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर राज्य में नए मुख्यमंत्री के रूप में शुभेंदु अधिकारी ने शपथ ली, जबकि उनके साथ 5 अन्य नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित कई केंद्रीय मंत्री और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री उपस्थित रहे। शपथ ग्रहण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन बीजेपी कार्यकर्ताओं के परिजनों से मुलाकात की, जिन्होंने पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा के दौरान अपनी जान गंवाई थी।
उन्होंने देबासिस मंडल, सौमित्र घोषाल और आनंद पॉल के परिवारों से बातचीत कर उन्हें सांत्वना दी। ब्रिगेड परेड ग्राउंड में इस अवसर पर एक स्मारक भी स्थापित किया गया, जिसमें राजनीतिक हिंसा में मारे गए करीब 300 लोगों के नाम दर्ज किए गए हैं। यह स्मारक उन सभी कार्यकर्ताओं की याद में बनाया गया है, जिनकी विभिन्न घटनाओं में मौत हुई थी। कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने कहा कि, हिंसा के मामलों में दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाया जाएगा। स्मारक स्थल पर मौजूद लोगों ने “जय श्री राम” के नारे भी लगाए और राजनीतिक हिंसा के खिलाफ कड़ा संदेश दिया। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम ने राज्य की राजनीति को एक बार फिर गर्मा दिया है और जांच एजेंसियां कई मामलों की पड़ताल में जुटी हैं।
