चंडीगढ़। चंडीगढ़ से एक बड़ा साइबर फ्रॉड मामला सामने आया है, जहां लोगों को व्हाट्सऐप (WhatsApp) पर फर्जी RTO चालान का लिंक भेजकर ठगा गया। मैसेज में लिखा होता था कि, आपका चालान लंबित है और तुरंत भुगतान करें, वरना कार्रवाई होगी। जैसे ही यूजर्स ने लिंक पर क्लिक किया, उनके बैंक खातों से कुछ ही मिनटों में रकम गायब हो गई। जांच में सामने आया कि, यह किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि संगठित साइबर गिरोह का काम था, जिसने हरियाणा, यूपी, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में करीब 70 लोगों से लगभग 50 लाख रुपये की ठगी की।
सोनीपत साइबर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बीकानेर से मुख्य आरोपी मनफूल को गिरफ्तार किया। आरोपी महज 12वीं पास है और उसने जयपुर के एक फर्जी कॉल सेंटर से साइबर ठगी के तरीके सीखे थे। जांच में यह भी पता चला कि, आरोपी ठगी की रकम अलग-अलग बैंक खातों में 5 से 10 प्रतिशत कमीशन पर ट्रांसफर करवाता था। पुलिस ने बताया कि, गिरोह का एक और सदस्य अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी है कि, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, क्योंकि एक छोटी सी गलती बड़ा आर्थिक नुकसान कर सकती है।
