बांग्लादेश में खसरे का कहर! 300 से ज्यादा मौतें, 24 घंटे में 12 बच्चों ने गंवाई जान

Follow Us

बांग्लादेश। बांग्लादेश में खसरे का प्रकोप लगातार भयावह होता जा रहा है। देश के अधिकांश हिस्सों में संक्रमण तेजी से फैल चुका है और हालात चिंताजनक बने हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अब तक 45 हजार से ज्यादा लोग खसरे की चपेट में आ चुके हैं, जबकि 300 से अधिक मौतें दर्ज की गई हैं। बीते 24 घंटे में ही 12 बच्चों की मौत ने स्वास्थ्य व्यवस्था की चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, संक्रमण अब देश के 61 जिलों तक पहुंच चुका है। राजधानी ढाका सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में शामिल है, जहां हाल के दिनों में कई बच्चों की जान गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि, मार्च के मध्य से लगातार मरीज सामने आ रहे हैं और अस्पतालों में दबाव बढ़ता जा रहा है।

विशेषज्ञों के अनुसार, इस गंभीर स्थिति की सबसे बड़ी वजह समय पर टीकाकरण अभियान का नहीं चल पाना है। कोरोना महामारी और राजनीतिक अस्थिरता के कारण वैक्सीनेशन कार्यक्रम प्रभावित हुआ, जिससे हजारों बच्चे सुरक्षा कवच से वंचित रह गए। अब सरकार ने आपातकालीन टीकाकरण अभियान तेज कर दिया है। डॉक्टरों का कहना है कि, खसरा बेहद संक्रामक बीमारी है, जो खांसी और छींक के जरिए तेजी से फैलती है। बच्चों में तेज बुखार, खांसी, आंखों में लालिमा और शरीर पर दाने इसके प्रमुख लक्षण हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों से सतर्क रहने और बच्चों का समय पर टीकाकरण कराने की अपील कर रहे हैं।