राजधानी में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, सीएमएचओ कार्यालय घेराव; सुधार नहीं तो उग्र आंदोलन की चेतावनी

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में आज स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति को लेकर कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सीएमएचओ कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अस्पतालों में सुधार की मांग उठाई। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने किया। इस दौरान कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि, प्रदेश में सरकारी अस्पतालों की स्थिति लगातार खराब हो रही है। अस्पतालों में डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और लैब तकनीशियनों की भारी कमी है, जिससे मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि, कई बार मरीजों को छोटे इलाज के लिए भी बड़े अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

नेताओं ने यह भी कहा कि, “हमर क्लीनिक” योजना कई वार्डों में ठीक से काम नहीं कर रही है और वहां स्टाफ की कमी बनी हुई है। इसके कारण मरीजों को इलाज के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। कांग्रेस ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि, यदि जल्द स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य मंत्री और मुख्यमंत्री आवास का भी घेराव किया जाएगा। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि, जनता की समस्याओं को लेकर कांग्रेस सड़क से लेकर विधानसभा तक संघर्ष जारी रखेगी।