आदिवासी बच्ची की निर्मम हत्या से दहला इलाका: जंगल में मिला शव, आक्रोशित भीड़ ने किया बवाल

Follow Us

कैनबरा। ऑस्ट्रेलिया के सुदूर शहर एलिस स्प्रिंग्स में एक 5 साल की मासूम आदिवासी बच्ची की बेरहमी से हत्या के बाद गुस्सा इस कदर भड़का कि, पूरा इलाका जंग के मैदान में तब्दील हो गया। ‘कुमांइजी लिटिल बेबी’ के नाम से जानी जा रही यह मासूम पिछले शनिवार रात एक आदिवासी कम्युनिटी कैंप से रहस्यमय ढंग से लापता हो गई थी। बच्ची का शव बरामद होने की खबर फैलते ही लोगों का सब्र टूट गया और सैकड़ों की भीड़ सड़कों पर उतर आई। देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए और प्रदर्शनकारियों ने उस अस्पताल को घेर लिया, जहां बच्ची की हत्या के संदिग्ध जेफरसन लुईस का इलाज चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी जेफरसन लुईस ने बच्ची का अपहरण कर उसकी हत्या की थी। वारदात को अंजाम देने के बाद जब वह एक टाउन कैंप में पहुंचा, तो वहां मौजूद लोगों ने कानून हाथ में लेते हुए उसे पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। आरोपी को खुद सजा देने पर आमादा करीब 400 लोगों की गुस्साई भीड़ ने अस्पताल पर धावा बोल दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच भीषण झड़प हुई, जिसमें भीड़ ने पत्थरबाजी की और पुलिस की गाड़ियों समेत एंबुलेंस और फायरब्रिगेड के वाहनों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। बेकाबू भीड़ ने पुलिस की एक गाड़ी को आग के हवाले कर दिया, जिसमें कई सुरक्षाकर्मी और मेडिकल कर्मचारी घायल हो गए।

बिगड़ते हालात को देखते हुए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और बल प्रयोग करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री और नॉर्दर्न टेरिटरी के पुलिस कमिश्नर मार्टिन डोल ने पीड़ित परिवार के साथ मिलकर शांति बनाए रखने की मार्मिक अपील की है। फिलहाल इलाके में भारी तनाव है और सुरक्षाबलों को चप्पे-चप्पे पर तैनात किया गया है। यह घटना ऑस्ट्रेलिया में आदिवासी समुदायों और प्रशासन के बीच बढ़ते असंतोष और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। प्रशासन अब दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और इलाके में कानून-व्यवस्था बहाल करने की कोशिशों में जुटा है।