महाराष्ट्र में हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद, 4796 धारदार हथियार देख पुलिस हैरान

Follow Us

नांदेड़। महाराष्ट्र के नांदेड़ में पुलिस ने एक ऐसी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है जिसने पूरे राज्य में हड़कंप मचा दिया है। वजीराबाद इलाके के रामदास नगर में एक घर के भीतर अवैध हथियारों का इतना बड़ा जखीरा मिला कि, अधिकारी भी दंग रह गए। गुप्त सूचना के आधार पर नांदेड़ ग्रामीण पुलिस की टीम ने जब संदिग्ध मकान पर छापा मारा, तो वहां तलवारों, खंजरों और कोयतों का ढेर लगा हुआ था। पुलिस ने मौके से कुल 4796 धारदार हथियार बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 43 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।

इस मामले में पुलिस ने 50 वर्षीय आरोपी जसवंत सिंह प्रकाश सिंह सुखमनी को गिरफ्तार किया है। शुरुआती पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि, इन हथियारों को बड़े पैमाने पर बिक्री और तस्करी के उद्देश्य से मंगाया गया था। आरोपी इन घातक हथियारों को अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया। छापेमारी के दौरान हजारों की संख्या में चमचमाती तलवारें और धारदार खंजर देखकर स्थानीय लोग भी दहशत में आ गए।

नांदेड़ के एसपी अविनाश कुमार ने इस सफल ऑपरेशन की सराहना करते हुए स्पष्ट किया है कि, कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि इतने भारी मात्रा में हथियार किस राज्य या शहर से मंगाए गए थे और इस काले कारोबार के पीछे कौन सा बड़ा सिंडिकेट काम कर रहा है। फिलहाल, पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस सप्लाई चेन से जुड़े अन्य चेहरों को बेनकाब किया जा सके। इस कार्रवाई ने संभावित बड़ी वारदातों की साजिश को नाकाम कर दिया है।