पटना। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार पवन सिंह एक बार फिर निजी जीवन को लेकर विवादों में आ गए हैं। उनकी पत्नी ज्योति सिंह ने एक इंटरव्यू में कई गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह उन्हें किसी भी हाल में दूसरी शादी नहीं करने देंगी और उनके कई “राज” उनके पास सुरक्षित हैं। ज्योति सिंह ने कहा कि पवन सिंह की सोच बहुत पारंपरिक है और उन्हें ऐसी पत्नी पसंद है जो बिना सवाल किए हर बात माने। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ मानसिक रूप से दबाव बनाया गया और शादी उनके जीवन की सबसे बड़ी गलती साबित हुई। ज्योति के मुताबिक, यह रिश्ता बहुत जल्दी में तय हुआ था और शादी के बाद उनका जीवन तनाव और मानसिक दबाव में बदल गया।
उन्होंने यह भी बताया कि, दोनों के बीच चल रहा तलाक का मामला अदालत में है और पहले 3 करोड़ रुपये के गुजारा भत्ते की मांग की गई थी, जिसे बढ़ाकर अब 10 करोड़ रुपये कर दिया गया है। उनका कहना है कि न्याय मिलने में सालों लग सकते हैं, लेकिन वह पीछे हटने वाली नहीं हैं। ज्योति ने दावा किया कि, कोविड काल में भी उनके रिश्तों में तनाव बना रहा और उनके पास कई ऐसे सबूत हैं जो पवन सिंह की निजी जिंदगी से जुड़े हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उन्हें या उनके परिवार को परेशान किया गया तो वह सभी सच्चाइयां सार्वजनिक कर देंगी।गौरतलब है कि, पवन सिंह पहले भी अपने वैवाहिक और निजी संबंधों को लेकर चर्चा में रहे हैं, और यह मामला अब लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।
