कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के चारामा क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट ने ग्रामीणों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी है। पिछले दो दिनों से इलाके के करीब पांच गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है, जिससे लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। मंगलवार को आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के बाद गिरहोला, नवागांव, चारभाटा, सिरसिदा समेत कई गांवों की बिजली गुल हो गई थी, लेकिन 48 घंटे बीतने के बाद भी सप्लाई बहाल नहीं हो सकी। बिजली नहीं होने से पेयजल व्यवस्था भी चरमरा गई है और लोगों को पानी के लिए भारी संघर्ष करना पड़ रहा है।

स्थिति इतनी खराब हो गई है कि, कई परिवार देर रात जनरेटर की मदद से बोरवेल चलाकर पानी भरने को मजबूर हैं। वहीं जिन लोगों के पास यह सुविधा नहीं है, वे गांव के हैंडपंपों पर निर्भर हैं। सुबह तड़के से ही हैंडपंपों पर लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन लगातार उपयोग और गर्मी के कारण कई हैंडपंप भी जवाब देने लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि, बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन फोन रिसीव नहीं किए जा रहे। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने जल्द बिजली बहाल नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है। भीषण गर्मी और पानी संकट के बीच ग्रामीण अब प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
