रायपुर। राजधानी रायपुर में आईपीएल 2026 को लेकर क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। 10 मई को होने वाले मुंबई इंडियन्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मुकाबले ने शहर में अलग ही माहौल बना दिया है। टिकट बिक्री शुरू होते ही कुछ ही मिनटों में हजारों टिकट सोल्ड आउट हो गए। 2600 रुपये से लेकर 8000 रुपये तक के टिकटों के लिए लोगों में जबरदस्त होड़ देखने को मिली।
स्टेडियम की आगे की सीटें पहले चरण में ही भर चुकी थीं, जबकि दूसरे चरण में उपलब्ध टिकट भी तेजी से खत्म हो गए। दूसरी ओर 13 मई को होने वाले आरसीबी और कोलकाता नाइट राइडर्स मुकाबले के टिकटों की बिक्री अपेक्षाकृत धीमी बताई जा रही है। भारी मांग के बीच टिकटों की कालाबाजारी भी तेज हो गई है। 3000 रुपये वाले टिकट 6000 से 8000 रुपये तक बेचे जा रहे हैं, जबकि प्रीमियम स्टैंड के टिकट 15 से 16 हजार रुपये तक पहुंच गए हैं।
इससे आम दर्शकों के लिए टिकट हासिल करना मुश्किल हो गया है। इधर मुंबई इंडियंस की टीम रायपुर पहुंच चुकी है। रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में फैंस पहुंचे। वहीं विराट कोहली के साथ आरसीबी टीम 9 मई को रायपुर पहुंचेगी। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए होटल और स्टेडियम में कड़े इंतजाम किए गए हैं।
