चेन्नई। आईपीएल 2026 में महेंद्र सिंह धोनी की वापसी को लेकर सस्पेंस लगातार बना हुआ है। चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज अब तक इस सीजन में मैदान पर नहीं उतरे हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर उनकी प्रैक्टिस की तस्वीरें और वीडियो लगातार चर्चा में रहे। इसी बीच टीम इंडिया के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने उनकी वापसी को लेकर बड़ा बयान दिया है। अश्विन का मानना है कि अगर सीएसके प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो जाती है, तभी धोनी को चेपॉक में फेयरवेल मैच खेलने का मौका मिल सकता है। दरअसल, महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले ही पिंडली की चोट से जूझ रहे थे। इसी वजह से उन्हें शुरुआती मुकाबलों से बाहर रहना पड़ा। हालांकि वह मार्च से ही सीएसके कैंप के साथ जुड़े हुए हैं और नेट्स और प्रैक्टिस मैचों में हिस्सा लेते नजर आए हैं, लेकिन अभी तक उन्होंने एक भी आधिकारिक मुकाबला नहीं खेला है। आपको बता दें की अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि धोनी की वापसी आसान नहीं दिख रही। उनका मानना है कि अगर धोनी टीम में आते हैं तो संयोजन बदलना पड़ेगा, जो इस समय सीएसके के लिए मुश्किल हो सकता है। अश्विन ने कहा, ‘अगर एमएस धोनी आते हैं तो टीम का कॉम्बिनेशन बदल जाएगा। यह बहुत मुश्किल हो जाता है, इसलिए मुझे लगता है कि उनकी वापसी की संभावना बहुत कम है। अगर CSK अगले तीन में से दो मैच हार जाती है, तब शायद चेन्नई में उन्हें फेयरवेल मैच खेलने का मौका मिल सकता है।’
वहीं चेन्नई सुपर किंग्स ने खराब शुरुआत के बाद शानदार वापसी की है। टीम ने लगातार तीन हार झेलने के बाद जीत की राह पकड़ी और अब 10 मैचों में 10 अंकों के साथ अंक तालिका में छठे स्थान पर है। सीएसके के अभी चार लीग मैच बाकी हैं। अगर टीम चारों मैच जीत लेती है तो प्लेऑफ में जगह लगभग तय हो जाएगी, जबकि तीन जीत भी उन्हें मजबूत स्थिति में पहुंचा सकती है। सीएसके के बल्लेबाजी कोच माइकल हसी ने पहले खुलासा किया था कि धोनी ने जानबूझकर मैचों से दूरी बनाई ताकि टीम का ध्यान भंग न हो। हसी ने कहा, ‘वह पूरी तरह टीम को प्राथमिकता देने वाले खिलाड़ी हैं। एमएस धोनी हमेशा वही चाहते हैं जो टीम के लिए सबसे अच्छा हो। उन्हें लगा कि अगर वह मैच में आएंगे तो काफी ध्यान उनकी तरफ चला जाएगा। कैमरे उन्हीं पर रहेंगे और दर्शक लगातार उनके लिए चीयर करेंगे।’ चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2025 से पहले धोनी को अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर चार करोड़ रुपये में रिटेन किया था। आईपीएल 2026 के लिए भी यही करार जारी रखा गया। पिछले सीजन में धोनी ने 14 मैचों में 196 रन बनाए थे। उनका औसत 24.50 और स्ट्राइक रेट 135.17 रहा था।
