तमिलनाडु। तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। तमिलगा वेत्री कझगम प्रमुख और अभिनेता विजय ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश कर दिया है। इसके बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार विजय 7 मई को सुबह 10 बजे से 11:15 बजे के बीच मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। उनके साथ शपथ लेने वाले संभावित मंत्रियों की सूची अभी सामने नहीं आई है। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि, कांग्रेस के समर्थन के बाद टीवीके ने यह कदम उठाया है और राज्यपाल से बहुमत साबित करने के लिए दो हफ्ते का समय मांगा है।
हालांकि, अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है और गठबंधन की राजनीति तेजी से बदल रही है। 234 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत है, जबकि टीवीके के पास फिलहाल 108 सीटें हैं। पार्टी अब अन्य दलों से समर्थन जुटाने की कोशिश में लगी हुई है। इधर, अन्नाद्रमुक में भी अंदरूनी विवाद की खबरें सामने आ रही हैं। कई विधायकों के टीवीके को समर्थन देने की चर्चा ने सियासी माहौल और गर्म कर दिया है। अगर यह बगावत बढ़ती है तो राज्य की राजनीति में बड़ा फेरबदल संभव है। इस पूरे घटनाक्रम ने तमिलनाडु की राजनीति को नई दिशा दे दी है, जहां अब तक द्रविड़ दलों का दबदबा रहा था। युवा वोटरों के समर्थन ने टीवीके को मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया है और राज्य में सत्ता परिवर्तन की संभावना तेज हो गई है।
