बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में शिक्षक आत्महत्या मामले ने तूल पकड़ लिया है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए तेलंगा समाज ने आज जोरदार रैली निकाली और मुख्यमंत्री के नाम डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। समाज ने कुल 6 प्रमुख मांगें रखीं और चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
मामला चेरपाल निवासी और पालनार स्कूल के प्रधान अध्यापक राजू पुजारी से जुड़ा है, जिन्होंने कुछ दिनों पहले आत्महत्या कर ली थी। पुलिस जांच में मिले सुसाइड नोट में उन्होंने तीन लोगों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया था। इनमें एक ठेकेदार और दो अन्य कर्मचारी शामिल हैं।

परिजनों का आरोप है कि, स्कूल भवन निर्माण में घटिया गुणवत्ता और अनियमितता के कारण शिक्षक लगातार मानसिक तनाव में थे। दबाव और फोन कॉल्स से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया। तेलंगा समाज ने सवाल उठाते हुए कहा कि, 11 दिन बीत जाने के बाद भी सभी आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई है। सिर्फ एक गिरफ्तारी हुई है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों पर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। समाज और परिजनों ने मांग की है कि, पूरे मामले की न्यायिक जांच हो, सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी हो, पीड़ित परिवार को मुआवजा और सरकारी नौकरी दी जाए तथा दोषियों की संपत्ति की जांच की जाए। वहीं प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि, मामले की जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

