रोजगार योजना पर घोटाले के आरोप: मजदूरों की जगह मशीन से काम,देखें वीडियो

Follow Us

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से मजदूरों के अधिकारों से जुड़े नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत सलका, भैयाथान जनपद क्षेत्र में “विकसित भारत गारंटी रोजगार आजीविका मिशन (ग्रामीण)” के तहत तालाब गहरीकरण का काम चल रहा था। आरोप है कि, यह कार्य मजदूरों से करवाने के बजाय रात करीब 10 बजे JCB मशीन की मदद से कराया जा रहा था। नियमों के अनुसार इस योजना में मजदूरों को रोजगार देना अनिवार्य है, लेकिन ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि, काम मशीन से करवाकर मजदूरों के हक का नुकसान किया जा रहा है।

जब ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर कड़ा विरोध किया और काम रुकवा दिया। विरोध के बाद निर्माण कार्य बंद कर दिया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि, JCB से तालाब की खुदाई की जा रही थी। वीडियो सामने आने के बाद योजना के क्रियान्वयन पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि, अगर इसी तरह मशीनों से काम कराया जाएगा तो मजदूरों को रोजगार कैसे मिलेगा। फिलहाल प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग की जा रही है।