रायपुर। राजधानी रायपुर के मोवा-पंडरी इलाके में पारिवारिक विवाद ने मंगलवार देर रात खौफनाक रूप ले लिया। एक व्यक्ति ने गुस्से में अपनी लाइसेंसी पिस्टल से दो सालियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे दोनों की मौत हो गई। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। जानकारी अनुसार, आरोपी जितेंद्र वर्मा का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि, वह बच्चों से मिलने को लेकर नाराज था।

विवाद बढ़ने पर उसने घर में मौजूद अपनी दोनों सालियों-गीतांजलि और दुर्गेश्वरी-पर करीब तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से गीतांजलि की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दुर्गेश्वरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

आरोपी खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त कर ली गई है।मयंक गुरजार ने बताया कि, प्रारंभिक जांच में यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा सामने आया है। आरोपी के नशे में होने की भी आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि, घटना के पीछे और क्या कारण थे।

