रायपुर । छत्तीसगढ़ पुलिस ने गुमशुदा लोगों की तलाश के लिए चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन तलाश” में बड़ी सफलता हासिल की है। एक महीने तक चले इस अभियान के दौरान कुल 4056 लापता व्यक्तियों का पता लगाया गया, जिनमें बच्चे, महिलाएं और पुरुष शामिल हैं।
यह अभियान 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक पूरे प्रदेश में चलाया गया। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सभी जिलों में पुलिस अधीक्षकों और नोडल अधिकारियों की निगरानी में विशेष टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने संभावित स्थानों पर सघन सर्च अभियान चलाया। अभियान के तहत 545 गुमशुदा बच्चों का पता लगाया गया, जिनमें 75 बालक और 470 बालिकाएं शामिल हैं। इसके अलावा 3511 वयस्कों में 972 पुरुष और 2539 महिलाओं को भी खोजकर सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाया गया।
इस अभियान की एक अहम उपलब्धि यह रही कि 182 लोगों को दूसरे राज्यों से खोजकर वापस लाया गया। इनमें महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, बिहार, मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान, झारखंड, तमिलनाडु और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में मिले लोग शामिल हैं। जिलेवार आंकड़ों की बात करें तो दुर्ग में सबसे अधिक 683, बिलासपुर में 648 और रायपुर में 426 गुमशुदा लोगों को खोजा गया।
पुलिस ने सभी बरामद व्यक्तियों को विधिवत उनके परिवारों से मिलवाया, जिससे आम लोगों के बीच पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है। इस अभियान को पुलिस की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है।
