मणिपुर में बड़ा सुरक्षा ऑपरेशन: 23 अवैध बंकर ध्वस्त, 18 आईईडी बरामद, उग्रवादियों पर कड़ा प्रहार

Follow Us

मणिपुर। मणिपुर में जारी तनाव के बीच सुरक्षा बलों ने उग्रवादियों के खिलाफ एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया है। उखरुल जिले में चलाए गए संयुक्त ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने 23 अवैध बंकरों को ध्वस्त कर दिया, वहीं तेंगनौपाल जिले से 18 जिंदा IED बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई अलग-अलग संवेदनशील इलाकों में की गई, जिसमें लिटन थाना क्षेत्र के मोंगकोट चेपू, शोंगफेल, मुल्लम, सिराराखोंग और रिंगु गांवों में बंकरों को नष्ट किया गया। इसके साथ ही हथियारों का भी जखीरा मिला, जिसमें पंप-एक्शन शॉटगन, कारतूस और दर्जनों खोखे शामिल हैं।

इससे पहले कांगपोकपी और उखरुल जिलों में भी सुरक्षा बलों ने 12 अन्य अवैध बंकरों को ध्वस्त किया था। ये बंकर ऊंचे और रणनीतिक इलाकों में बनाए गए थे, जिनका उपयोग हमलों और छिपने के लिए किया जा रहा था। वहीं मोरेह क्षेत्र में एक अन्य अभियान के दौरान कई हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया गया। इनमें पिस्तौल, राइफल और IED शामिल थे। अधिकारियों के अनुसार, फरवरी से शुरू हुई हिंसा के बाद इन इलाकों में कूकी और तांगखुल नागा समुदायों के बीच तनाव बढ़ा है, जिसमें कई लोगों की जान जा चुकी है और दर्जनों घर जलाए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है, जबकि सुरक्षा बलों ने स्पष्ट किया है कि, ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।