मिशन उत्कर्ष की उड़ान: प्रशासन और अदाणी फाउंडेशन की साझेदारी से बदले बोर्ड रिजल्ट

Follow Us

रायपुर। रायपुर जिले के सरकारी स्कूलों में 10वीं और 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणामों को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन और अदाणी फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से ‘मिशन उत्कर्ष’ चलाया गया। इस विशेष अभियान का निर्देशन कलेक्टर द्वारा किया गया, जबकि मैदानी स्तर पर इसके समन्वय और सफल संचालन का जिम्मा जिला शिक्षा विभाग ने संभाला।

पूर्व में बोर्ड परीक्षाओं की रैंकिंग में रायपुर जिला पिछड़कर 33वें स्थान के आसपास था। इसी स्थिति को बदलने के लिए एक डेटा-आधारित शैक्षणिक मॉडल विकसित कर जिले के 215 शासकीय विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू किया गया। इस परियोजना के दायरे में 10वीं के करीब 16,100 और 12वीं के 13,000 छात्र आए, जिनमें हिंदी-अंग्रेजी माध्यम के साथ-साथ विज्ञान, कला और वाणिज्य संकायों के विद्यार्थी भी शामिल रहे।

पहल के अंतर्गत मासिक, अर्धवार्षिक और प्री-बोर्ड परीक्षाओं के जरिए बच्चों की प्रगति का सतत मूल्यांकन किया गया। प्रत्येक विषय के गहन विश्लेषण के उपरांत विद्यार्थियों की कमजोरियों को पहचान कर उन्हें जरूरी शैक्षणिक सपोर्ट उपलब्ध कराया गया। कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा सतत मॉनिटरिंग किए जाने से इस पूरे कार्यक्रम में बेहतरीन प्रशासनिक तालमेल देखने को मिला।

मिशन उत्कर्ष में अदाणी फाउंडेशन की भूमिका:
मिशन उत्कर्ष के संचालन में अदाणी फाउंडेशन ने रणनीतिक सह-भागीदार के रूप में सहयोग दिया। फाउंडेशन द्वारा कार्यक्रम के लिए पूर्ण वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराया गया। मासिक परीक्षाओं के लिए प्रश्नपत्रों की छपाई और उनके वितरण की व्यवस्था की गई। विद्यार्थियों के लिए आवश्यक शैक्षणिक सामग्री प्रदान की गई तथा शैक्षणिक सहयोग के लिए विशेषज्ञ संस्था एलीमेंट्स (ELEMENTS) की नियुक्ति और प्रबंधन किया गया। साथ ही परीक्षा परिणामों की ट्रैकिंग, विश्लेषण और मॉनिटरिंग प्रक्रिया में सहयोग दिया गया। शिक्षकों के क्षमता विकास के लिए भी शैक्षणिक समर्थन उपलब्ध कराया गया, जिससे कार्यक्रम का संचालन तय ढांचे के अनुसार किया जा सका।

उल्लेखनीय परिणाम (शैक्षणिक सत्र 2025–26):
कक्षा 10वीं : जिला रैंक: 32 से बढ़कर 27
उत्तीर्ण प्रतिशत: 66.24% से बढ़कर 71.05%
कक्षा 12वीं : जिला रैंक: 25 से बढ़कर 15
उत्तीर्ण प्रतिशत: 79.94% से बढ़कर 84.79%

10वीं की टॉप-10 मेरिट सूची में 2 और 12वीं की टॉप-10 में 5 छात्र:
कक्षा 10वीं की टॉप-10 मेरिट सूची में 2 विद्यार्थियों ने स्थान प्राप्त किया, जिनमें अधिकतम अंक 592 (98.67%) रहे। कक्षा 12वीं में टॉप-10 मेरिट सूची में 5 विद्यार्थियों ने स्थान बनाते हुए 96 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किए। कुल मिलाकर लगभग 29,000 विद्यार्थियों की भागीदारी के साथ यह पहल जिले के शासकीय विद्यालयों में शैक्षणिक स्तर में सुधार की दिशा में एक संगठित प्रयास के रूप में सामने आई है।

मिशन उत्कर्ष जिला प्रशासन और अदाणी फाउंडेशन के सहयोग से संचालित एक ऐसी पहल है, जिसने रायपुर जिले में बोर्ड परीक्षा परिणामों में सुधार की दिशा में ठोस आधार तैयार किया है और यह शैक्षणिक सहयोग के एक व्यावहारिक मॉडल के रूप में देखा जा रहा है।