लैंडिंग के दौरान बड़ा खतरा टला: लखनऊ-रायपुर फ्लाइट में इमरजेंसी ब्रेक से बची बड़ी घटना

Follow Us

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रायपुर जा रही एक फ्लाइट के टेकऑफ के दौरान रनवे पर अचानक एक बंदर आ गया। विमान काफी तेज रफ्तार में था, लेकिन पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए फौरन इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। इस त्वरित कार्रवाई से विमान में सवार सभी 132 यात्रियों और क्रू सदस्यों की जान बाल-बाल बच गई। अगर समय रहते ब्रेक न लगते तो यह एक बड़ा हादसा हो सकता था।

बताया जा रहा है कि, यात्रियों में आधे से अधिक रायपुर के निवासी थे। अचानक लगे ब्रेक के कारण विमान के भीतर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया, लेकिन पायलट की सतर्कता ने मौत के मुंह से सबको सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने रनवे को अस्थाई रूप से बंद कर दिया और परिसर में बंदर को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और विमान को कोई क्षति नहीं पहुंची है।

इस गंभीर चूक को देखते हुए नागरिक उड्डयन विभाग ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं और एयरपोर्ट प्रशासन से रिपोर्ट तलब की है। विशेषज्ञों के अनुसार, रनवे पर किसी जीव का आना इंजन और टायरों के लिए बेहद खतरनाक होता है, जिसे ‘रनवे इंट्रूजन’ कहा जाता है। फिलहाल विमान सेवा सुचारू है, लेकिन सुरक्षा मानकों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।