शिकारी गिरोह पर शिकंजा: तेंदुए की खाल संग 5 आरोपी गिरफ्तार, सोशल मीडिया से भी खुल रहे राज

Follow Us

दंतेवाड़ा। जिले में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत वन विभाग और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तेंदुए की खाल के साथ 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुमलनार क्षेत्र में टीम ने ग्राहक बनकर जाल बिछाया और आरोपियों को रंगे हाथ दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में सुन्दरलाल, धरमू सिमरथ, दियालू, दिनेश कश्यप और गोबरू यादव शामिल हैं। उनके कब्जे से तेंदुए की खाल के अलावा शिकार में इस्तेमाल होने वाले फंदे भी बरामद किए गए हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, बीते दो महीनों में यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है, जो क्षेत्र में सक्रिय वन्यजीव तस्करी नेटवर्क की गंभीरता को उजागर करती है। जांच में यह भी सामने आया है कि, तस्कर अब सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर सौदेबाजी कर रहे हैं। हाल ही में इंस्टाग्राम रील के जरिए मिली जानकारी के आधार पर बारसूर क्षेत्र से एक अन्य आरोपी को भी पकड़ा गया, जिसके पास से भालू की खाल और विशाल गिलहरी के अवशेष बरामद हुए थे।