24 घंटे शराब’ वाले वायरल पंपलेट को पुलिस ने बताया फर्जी, कहा- कोचियों पर हो रही है कड़ी कार्रवाई

Follow Us

डोंगरगढ़। शहर में हाल ही में एक विवादित पंपलेट वायरल हुआ था, जिसमें खुले तौर पर शराब की विभिन्न किस्मों की 24 घंटे उपलब्धता का दावा करते हुए कुछ होटलों और व्यक्तियों के नाम व स्थान का उल्लेख किया गया था। इस पंपलेट में अवैध गतिविधियों को पुलिस संरक्षण मिलने का भी दावा किया गया था, जिसे डोंगरगढ़ पुलिस ने पूरी तरह आधारहीन और भ्रामक करार दिया है। पुलिस का कहना है कि, यह पंपलेट केवल कोचियों के प्रचार का एक जरिया है और विभाग की छवि खराब करने की कोशिश है, जिसकी जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

भ्रामक सूचनाओं का खंडन करते हुए पुलिस ने बताया कि, शराब कोचियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पिछले एक महीने के दौरान अकेले डोंगरगढ़ थाने में आबकारी अधिनियम के तहत 42 मामले दर्ज कर 45 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं पूरे राजनांदगांव जिले की बात करें तो 125 प्रकरणों में 147 आरोपियों को जेल भेजा गया है और 305 लीटर शराब जब्त की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि, आंकड़ों से यह साफ है कि, किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को संरक्षण नहीं दिया जा रहा है।

पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि वायरल पंपलेट में जिन डोमेन्द्र साहू, मोहित यादव और स्वरूप सिंह उर्फ रिम्पी जैसे नामों का उल्लेख है, उनके विरुद्ध पहले ही कड़ी कार्रवाई की जा चुकी है। इन आरोपियों से 1,08,760 रुपये की शराब और अन्य सामग्री जब्त की गई है। पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि, वे ऐसे किसी भी भ्रामक प्रचार पर विश्वास न करें और अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।