पत्नी से नाराज युवक ने हाईटेंशन टावर पर चढ़कर मचाया हड़कंप! 400 फीट ऊंचाई पर घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

Follow Us

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र के जिल्दा गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक 400 फीट ऊंचे 33 केवी हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। अचानक हुई इस घटना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय युवक केवल सिंह आयाम अपनी पत्नी से नाराज था। उसकी पत्नी पिछले कुछ दिनों से गांव में एक विवाह समारोह में अपने रिश्तेदारों के यहां रुकी हुई थी और घर नहीं लौटी थी। इसी बात से नाराज होकर युवक ने यह खतरनाक कदम उठा लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक टावर की सबसे ऊंची चोटी पर चढ़ गया और करीब 2 से 3 घंटे तक वहीं बैठा रहा। इस दौरान नीचे मौजूद परिजन और ग्रामीण उसे नीचे उतरने के लिए लगातार समझाते रहे, लेकिन वह किसी की बात नहीं मान रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। हालात को देखते हुए तुरंत बिजली विभाग से संपर्क कर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद करवाई गई, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके। इसके बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। लंबी मशक्कत और समझाइश के बाद आखिरकार युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इस पूरे घटनाक्रम ने इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया था, लेकिन समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया।