रायपुर। भारतमाला परियोजना से जुड़े कथित जमीन मुआवजा घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जमीन कारोबारी गोपाल गांधी और उनसे जुड़े लोगों के कई ठिकानों पर छापेमारी की है। रायपुर और अभनपुर सहित आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर चल रही इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक ED के 13 अधिकारियों की टीम सुबह तड़के कार्रवाई के लिए पहुंची। गोपाल गांधी के अभनपुर स्थित निवास और कार्यालय में दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन से जुड़े साक्ष्यों की जांच की जा रही है। टीम कई महत्वपूर्ण दस्तावेज खंगाल रही है।
मामला भारतमाला परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण में कथित 500 करोड़ रुपये से अधिक के मुआवजा घोटाले से जुड़ा है। जांच एजेंसियों के मुताबिक कृषि भूमि को बैकडेट में गैर-कृषि दिखाकर मुआवजा कई गुना बढ़ाया गया। आरोप है कि, इसमें अधिकारियों और जमीन दलालों की मिलीभगत से बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई। बताया जा रहा है कि, एक ही जमीन को कागजों में कई हिस्सों में बांटकर अलग-अलग नामों पर मुआवजा दिलाने का खेल भी सामने आया है। इससे पहले भी इस मामले में कई संपत्तियां अटैच की जा चुकी हैं और नकदी जब्त हुई थी। मामले में कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और 10 लोगों के खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है। ताजा छापेमारी के बाद इस बहुचर्चित घोटाले में नए खुलासों की संभावना बढ़ गई है।
