रायपुर। छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के मास्टरमाइंड बाबू खेमानी की ब्लैक मनी का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने शुक्रवार को रायपुर स्थित उसके घर में रेड मारी, जहां से 5 लग्जरी कारें और करोड़ों रुपए की संपत्ति से जुड़े दस्तावेज़ बरामद किए। यह मामला गंज थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, बाबू खेमानी ने शहर के कई इलाकों में निवेश किया है। आमानाका स्थित मारुति एनक्लेव में उसके घर के अलावा रविभवन में मोबाइल दुकान, जोरापारा में गोदाम और VIP रोड व महासमुंद-बागबाहरा मेन रोड पर लगभग 1 एकड़ जमीन उसके नाम पर दर्ज है। पुलिस इन संपत्तियों की वैधता की जांच कर रही है। पुलिस टीम ने सर्च वारंट के साथ घर में दबिश दी। मौके पर बाबू खेमानी की पत्नी, भाई करण की पत्नी और मां मौजूद थीं, जबकि पिता ब्रह्मानंद खेमानी और भाई करण खेमानी फरार हैं। बाबू खेमानी के साथ उनके पिता और भाई के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है और उनकी तलाश जारी है। इस कार्रवाई में पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम शामिल थी, जिन्होंने बीएमडब्ल्यू, क्रेटा सहित अन्य लग्जरी कारों और संपत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज़ बरामद किए।
सट्टेबाज बाबू खेमानी के पिता और भाई फरार, रायपुर में पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई
