रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। राजधानी में पहली बार ‘ओसियन ग्रो गांजा’ की खेप पकड़ी गई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कटोरा तालाब के पास कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया, जो दिल्ली से कुरियर के जरिए नशे का सामान मंगाकर शहर में सप्लाई कर रहा था।
दरअसल,पुलिस को 11 अप्रैल को सूचना मिली थी कि, इलाके में एक युवक गांजा बेच रहा है। इसके बाद पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) के निर्देशन में टीम ने मौके पर दबिश दी और संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रितिक पसरिचा (26) निवासी दिल्ली बताया, जो वर्तमान में रायपुर के मोवा क्षेत्र में रह रहा था।

आपको बता दें ,तलाशी के दौरान उसके बैग से 2.870 किलोग्राम गांजा और 114 ग्राम ‘ओसियन ग्रो गांजा’ बरामद किया गया। इसके अलावा 3000 रुपये नकद, एक आईफोन, जिपर पन्नियां और दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किए गए। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 3.62 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि, वह अपने एक साथी के साथ मिलकर दिल्ली से कुरियर के माध्यम से यह नशा मंगवाता था।
इसके बाद रायपुर में अलग-अलग जगहों पर इसकी सप्लाई की जाती थी।फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। साथ ही कुरियर कंपनियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है, जिससे इस अवैध कारोबार की पूरी कड़ी सामने आ सके।
