राजधानी में ड्रग्स का बड़ा खेल: ‘ओसियन ग्रो’ गांजे के साथ दिल्ली का सप्लायर चढ़ा पुलिस के हत्थे

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिविल लाइन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय ड्रग सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिल्ली से गांजा और “ओसियन ग्रो गांजा” मंगाकर रायपुर में सप्लाई करता था। पुलिस ने उसके पास से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ, नकदी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन और निगरानी में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कटोरा तालाब इलाके में एक युवक गांजा बेच रहा है। सूचना मिलते ही टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई और संदिग्ध को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रितिक पसरिचा (26 वर्ष) निवासी दिलशाद गार्डन, सीमापुरी थाना क्षेत्र, जिला शाहदरा (दिल्ली) बताया। वह फिलहाल रायपुर के मोवा स्थित अशोका हाईट्स में रह रहा था। तलाशी के दौरान उसके बैग से अलग-अलग पैकेटों में 2.870 किलोग्राम गांजा और 114 ग्राम “ओसियन ग्रो गांजा” बरामद किया गया। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से 3000 रुपये नकद, एक एप्पल आईफोन, पैकिंग सामग्री और दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3.62 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अपने एक साथी के साथ मिलकर दिल्ली से कुरियर के जरिए गांजा मंगाता था और रायपुर में सप्लाई करता था। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और कुरियर कंपनियों से भी पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि यह एक संगठित गिरोह हो सकता है, जिसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई शहर में नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार मानी जा रही है।