25 दिन से नहीं मिला सिलेंडर, लोगों ने किया चक्काजाम, प्रशासन ने समझाइश देकर खुलवाया रास्ता

Follow Us

आरंग। क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत ने रविवार को उग्र रूप ले लिया। करीब 25 दिनों से गैस सिलेंडर नहीं मिलने से परेशान लोगों ने आरंग-खरोरा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया और सड़क पर लंबा जाम लग गया।

जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र की एकमात्र गैस एजेंसी पर सिलेंडर मिलने की सूचना के बाद सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग कतार में खड़े थे। तेज धूप में घंटों इंतजार करने के बाद जब यह खबर मिली कि, गैस सप्लाई नहीं पहुंचेगी, तो लोगों का गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि, वे कई दिनों से गैस के लिए परेशान हैं। ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद उन्हें पहले पर्ची और फिर सिलेंडर के लिए अलग-अलग लाइन में लगना पड़ता है। कई उपभोक्ता तो रात 3 बजे से ही लाइन में लग जाते हैं, इसके बावजूद उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है।

बता दें, सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। नायब तहसीलदार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाइश के बाद जाम खुलवाया गया। अधिकारियों ने जल्द ही गैस आपूर्ति सुचारू करने का आश्वासन दिया। बताया जा रहा है कि, एजेंसी से करीब 20 हजार उपभोक्ता जुड़े हैं, लेकिन व्यवस्था लगातार चरमराई हुई है। पहले भी इस मुद्दे को लेकर बैठक हो चुकी है, जिसमें एजेंसी को सुधार के निर्देश दिए गए थे, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। अब स्थानीय लोग क्षेत्र में दूसरी गैस एजेंसी खोलने की मांग कर रहे हैं, ताकि उन्हें इस समस्या से राहत मिल सके।