वाराणसी में शर्मनाक वारदात: मामूली विवाद में देवर ने ली भाभी की जान

Follow Us

वाराणसी। जिले से हत्या की एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक देवर ने अपनी ही भाभी की कुल्हाड़ी से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। यह घटना मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लच्छापुर गांव की है। यहां सुजीत पटेल अपनी पत्नी पूनम पटेल (32) और भाई अजीत पटेल के साथ रहते थे। शनिवार को किसी बात को लेकर पूनम और अजीत के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। गुस्से में आकर अजीत ने पूनम पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर घर के दरवाजे पर ही गिर पड़ी। आरोपी का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ। उसने क्रूरता की हद पार करते हुए कुल्हाड़ी से वार कर पूनम के दाहिने पैर के निचले हिस्से को काटकर अलग कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अजीत अपनी भाभी की बहन से शादी करना चाहता था, लेकिन पूनम इसके खिलाफ थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। आशंका है कि इसी विवाद ने इस खौफनाक घटना का रूप ले लिया। वहीं, पत्नी की मौत की खबर सुनते ही सुजीत पटेल सदमे में आकर बेसुध हो गए। पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।