ट्रांसपोर्ट के नाम पर खेला बड़ा खेल, लाखों गबन कर फरार आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

रायगढ़। जिले में भरोसे के साथ हुई बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां एक ऑटोमोबाइल कर्मचारी ने कंपनी को लाखों का चूना लगाकर फरार होने की कोशिश की। हालांकि छ.ग पुलिस की सतर्कता से आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया। मामला शिव शक्ति स्टील प्लांट से जुड़ा है, जहां मनीष कुमार शर्मा नामक कर्मचारी ऑटोमोबाइल एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत था। उसे कंपनी के वाहनों के संचालन और किराया वसूली की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई थी। लेकिन इसी जिम्मेदारी का फायदा उठाते हुए उसने सुनियोजित तरीके से 11 लाख 35 हजार 861 रुपए का गबन कर लिया।

जांच में खुलासा हुआ कि, आरोपी ने ट्रांसपोर्टरों को गुमराह कर कंपनी के वाहनों को अन्य के नाम पर चलवाया। साथ ही फर्जी बिल्टी तैयार कर किराया वसूला और रकम खुद के पास रख ली। यह पूरा खेल इतनी चालाकी से किया गया कि, शुरुआत में किसी को शक तक नहीं हुआ। जब कंपनी को वित्तीय गड़बड़ी का अंदेशा हुआ, तब मामले की जांच शुरू की गई। शिकायत दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया और लगातार अपनी लोकेशन बदलता रहा। पुलिस ने तकनीकी जांच और ट्रैकिंग के जरिए उसकी लोकेशन मध्यप्रदेश के सिंगरौली में ट्रेस की।

थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सिंगरौली पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसे रायगढ़ लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि, इस गबन में कोई अन्य व्यक्ति शामिल तो नहीं है।