कलेक्टर ने ग्राम खैरी में ग्रामीणों को जल संरक्षण के लिए किया जागरूक

Follow Us

बलौदाबाजार। भाटापारा तहसील के विभिन्न गांवों का दौरा करते हुए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने ग्राम खैरी (आर) में मिडिल स्कूल के प्रार्थना शेड में चौपाल लगाई। उन्होंने उपस्थित जल संचय वाहिनी, समूह की महिलाएं और अन्य ग्रामीणों को जिले में चलाए जा रहे मोर गांव, मोर पानी अभियान की जानकारी दी और वर्षा जल संचय के महत्व के बारे में समझाया। इस दौरान उन्होंने सभी से जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई।कलेक्टर शर्मा ने बताया कि भूमिगत जल का लगातार दोहन होने से जल स्तर घट रहा है और इसे बनाए रखने के लिए वाटर रिचार्ज आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्षा का पानी बहकर व्यर्थ नहीं जाने देना चाहिए। इसके लिए घर, मोहल्ले और गांव में पानी को संरक्षित करना जरूरी है। उन्होंने सुझाव दिया कि घर की छत से पानी बचाने के लिए वाटर हार्वेस्टिंग युक्त सोखता गड्ढा बनाया जा सकता है और मोहल्ले में ढलान वाले क्षेत्रों के किनारे भी ऐसे गड्ढे बनाये जा सकते हैं।

इसके अलावा कलेक्टर ने खेतों में पानी संरक्षण के लिए कुल जमीन के 5 प्रतिशत हिस्से में डबरी निर्माण करने की सलाह दी, ताकि वर्षा का जल उसमें संचित रहे और वाटर रिचार्ज होता रहे। उन्होंने किसानों को इसके लिए आवश्यक जानकारी देने हेतु पटवारी और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी की मदद लेने का निर्देश भी दिया। कलेक्टर ने ग्रीष्मकालीन धान क़ी खेती के बदले कम पानी खपत वाले फसल दलहन- तिलहन, सरसो क़ी खेती पर जोर देते हुए इसे लाभदायक भी बताया। उन्होंने कहा कि किसानों को फसल विविधकरण अपनाना चाहिए, इससे अधिक फायदा मिलता है। इस दौरान उन्होंने गांव के पीडीएस दुकान में खाद्यन्न सामग्री क़ी उपलब्धता, नियमित समय पर खुलने, आंगनबड़ी केन्द्र व स्कूल के बारे में पूछ ताछ क़ी। इस दौरान लगभग 10 किसानों को स्वामित्व कार्ड का वितरण भी किया। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल,एसडीएम श्यामा पटेल अन्य अधिकारी, जल संचय वाहिनी,समूह क़ी महिलाएं व ग्रामवासी उपस्थित थे।