अचानकमार के सुदूर गांव में तेंदुलकर परिवार: अंजली-सारा ने शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा

Follow Us

लोरमी। छत्तीसगढ़ के अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) के सुदूर वनांचल क्षेत्र में स्थित बम्हनी गांव में उस समय खास माहौल बन गया, जब महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का परिवार यहां पहुंचा। इस दौरे में उनकी पत्नी अंजली तेंदुलकर , बेटी सारा तेंदुलकर और बहू सनाया चंडोक तेंदुलकर शामिल रहीं। परिवार के इस दौरे ने ग्रामीणों के बीच उत्साह और जिज्ञासा दोनों बढ़ा दी।

घने जंगलों के बीच बसे इस आदिवासी गांव में तेंदुलकर परिवार के पहुंचते ही स्थानीय लोगों ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। ग्रामीण महिलाओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का अभिनंदन किया और अपनी संस्कृति से परिचित कराया। इस दौरान गांव में एक अलग ही उत्सवी माहौल देखने को मिला।
इस एक दिवसीय दौरे का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करना था।

तेंदुलकर परिवार ने गनियारी जनस्वास्थ्य समिति द्वारा संचालित कार्यक्रमों का निरीक्षण किया, जहां ग्रामीणों और बच्चों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं और शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। परिवार ने इन व्यवस्थाओं को करीब से देखा और संबंधित टीम से विस्तार से जानकारी ली। दौरे के दौरान अंजली तेंदुलकर और सारा तेंदुलकर ने फुलवारी केंद्र और बालवाड़ी का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनके रहन-सहन, खान-पान और पढ़ाई से जुड़े अनुभवों को जाना। साथ ही, उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं से क्षेत्र में शिक्षा के स्तर और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता पर चर्चा की।

इस यात्रा ने न केवल ग्रामीणों में उत्साह का संचार किया, बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों में संचालित शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की ओर भी ध्यान आकर्षित किया है। तेंदुलकर परिवार का यह दौरा सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है और ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित करता है, जो समाज के अंतिम छोर तक सेवाएं पहुंचाने का काम कर रहे हैं। ग्रामीणों के लिए यह दिन खास बन गया, जहां उन्होंने देश के एक प्रतिष्ठित परिवार को अपने बीच पाकर गर्व महसूस किया। यह पहल भविष्य में ऐसे क्षेत्रों के विकास और जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकती है।