बंदर के हमले से 5 माह का मासूम घायल, पालने से उठाकर पानी से भरे ड्रम में डाला

Follow Us

सरगुजा। जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रजपुरी कला में जंगली बंदर के आतंक से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। एक बंदर ने घर में घुसकर पालने में सो रहे 5 माह के मासूम बच्चे को उठाकर पानी से भरे ड्रम में डाल दिया। गंभीर हालत में बच्चे का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। जानकारी के अनुसार, जंगली बंदर अचानक गांव की बस्ती में पहुंच गया और उत्पात मचाने लगा। बंदर के डर से ग्रामीण अपने घरों में छिप गए। इसी दौरान बंदर एक घर में घुस गया, जहां पालने में 5 माह का बच्चा सो रहा था।

बंदर ने बच्चे को पालने से उठाया और कुछ दूरी पर ले जाकर पानी से भरे नीले ड्रम में डाल दिया। घटना के बाद परिजनों ने तुरंत बच्चे को ड्रम से बाहर निकाला और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल मासूम की पहचान त्रिशिका प्रजापति (5 माह), पिता सुदर्शन प्रजापति, निवासी ग्राम रजपुरी कला के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगली बंदर को पकड़ने और बस्ती में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।