महीने भर बाजार में रही रौनक: सेंसेक्स और निफ्टी 2% चढ़े,आईटी सेक्टर ने मारी बाजी

Follow Us

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार के लिए जुलाई का महीना बेहद शानदार रहा। इस दौरान प्रमुख सूचकांकों सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ने निवेशकों को 2 प्रतिशत से अधिक का मजबूत रिटर्न दिया। महीने के अंतिम कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 78,094.64 और निफ्टी 24,383.60 के स्तर पर बंद हुआ। लार्जकैप के साथ-साथ स्मॉलकैप और मिडकैप सूचकांकों में भी क्रमशः 2.53% और 1.81% की तेजी दर्ज की गई।

सेक्टरवार प्रदर्शन की बात करें तो निफ्टी आईटी 16.77% की बढ़त के साथ सबसे आगे रहा। ग्लोबल मार्केट के दबाव के बावजूद बेहतर तिमाही नतीजों और एआई-ट्रेड की वजह से आईटी शेयरों में निवेशकों का रुझान तेजी से बढ़ा। इसके अलावा कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, मीडिया, रियल्टी और ऑटो सेक्टर भी हरे निशान में बंद हुए।

शेयर विशेष में कल्याण ज्वैलर्स ने 60% से अधिक की छलांग लगाकर बाजी मारी, जबकि डॉ. रेड्डीज, बंधन बैंक और सुजलॉन एनर्जी जैसे बड़े शेयरों में 15 से 20 प्रतिशत तक की भारी गिरावट देखने को मिली। वहीं निफ्टी एनर्जी और डिफेंस इंडेक्स लाल निशान में बंद होकर टॉप लूजर्स में शामिल रहे।