बाढ़ में 247 राहत-बचाव अभियान, 500 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला

Follow Us

जगदलपुर। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब के प्रभाव से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जगदलपुर शहर सहित बस्तर जिले के कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। इंद्रावती नदी का जलस्तर बढऩे के बाद बस्तर पुलिस ने एसडीआरएफ, डीआरजी, थाना-चौकी बल और विशेष रेस्क्यू टीमों के साथ 24म7 राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया है।

पुलिस की टीमें गोरिया बहार नाला, छेपड़ागुड़ा, डोंगाघाट, तामाकुनी, आसना, धरमपुरा, पत्थरागुड़ा, पन्हारपारा, महादेव घाट, खड़क घाट, पुराना पुल, बस्तर थाना क्षेत्र, आनंद ढाबा और नगरनार सहित संवेदनशील इलाकों में तैनात हैं। बोडऩा और इंद्रावती नदी के आसपास के निचले क्षेत्रों में भी लगातार निगरानी की जा रही है।

डोंगाघाट क्षेत्र से अब तक 500 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। वहीं नगरनार क्षेत्र में बोडऩा नदी के बाढ़ के पानी में फंसे करीब 40 लोगों को नाव की मदद से सुरक्षित निकालकर राहत शिविर पहुंचाया गया। अन्य प्रभावित क्षेत्रों से भी परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई जारी है। जिला प्रशासन के राहत शिविरों में प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पेयजल, ठहरने और प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। पुलिस जवान प्रभावित क्षेत्रों में रेस्क्यू के साथ यातायात नियंत्रण और संवेदनशील स्थानों की निगरानी कर रहे हैं।

पुलिस द्वारा नदी, नालों, पुल-पुलियों और जलमग्न मार्गों पर बैरिकेडिंग एवं पेट्रोलिंग की जा रही है। लोगों से उफनती नदियों-नालों के पास नहीं जाने, जलमग्न मार्ग या पुल पार करने का जोखिम नहीं लेने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस या प्रशासन को सूचना देने कहा गया है।