वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के आश्रम की चौथी मंजिल से गिरकर शिष्य की मौत

Follow Us

*पुलिस ने प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई*

वृंदावन। उत्तर प्रदेश के वृंदावन से शुक्रवार को एक दुखद घटना सामने आई। प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज से जुड़े गुरु कृपा कुंज आश्रम की चौथी मंजिल से गिरने के बाद एक शिष्य की मौत हो गई। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी दीपक लोधी के रूप में हुई है। आश्रम में उन्हें ‘रसिक दुलारी शरण के नाम से भी जाना जाता था।

बताया गया है कि दीपक लोधी केली कुंज से जुड़े गुरु कृपा कुंज आश्रम में रह रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे वे आश्रम की चौथी मंजिल से नीचे गिर गए। ऊंचाई से गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं। आश्रम के लोगों ने उन्हें तत्काल सर्वोदय अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मथुरा पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह सर्वोदय अस्पताल से सूचना मिली कि एक घायल व्यक्ति को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही घायल की उपचार के दौरान मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और घटनास्थल पर जांच के लिए विशेषज्ञ दल पहुंचा तथा मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल की प्रारंभिक जांच और मौके की परिस्थितियों के आधार पर प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई गई है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। शव को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आश्रम में मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर घटना से पहले की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दीपक लोधी चौथी मंजिल तक कैसे पहुंचे और घटना से पहले वहां क्या परिस्थितियां थीं। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।